कराची। पाकिस्तान के प्रमुख बंदरगाह शहर कराची में भारी सुरक्षा वाले अमरीकी वाणिज्य दूतावास पर प्रदर्शनकारियों के धावा बोलने के बाद छह प्रदर्शनकारी मारे गये हैं और 12 घायल हो गए हैं। स्थानीय आपातकालीन कर्मियों के अनुसार यह स्पष्ट नहीं है कि इन प्रदर्शनकारियों की मौत कैसे हुई है।
कराची के पुलिस प्रवक्ता रेहान अली ने कहा कि सैकड़ों लोग अचानक अमरीकी वाणिज्य दूतावास के पास जमा हो गए। खबर मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई।
सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए कुछ वीडियो में सुनाई दे रही नारेबाजी से पता चलता है कि यह विरोध प्रदर्शन पड़ोसी देश ईरान पर अमरीका-इजराइल के हमलों से प्रेरित था। वीडियो में दर्जनों प्रदर्शनकारियों को सुरक्षा घेरा तोड़ते और लाठियों से वाणिज्य दूतावास की खिड़कियों को पीटते दिखाया गया है। इसके बाद खिड़कियों में आग की लपटें दिखाई देने लगी। एक वीडियो में गोलियों की आवाज भी सुनाई दे रही है।
हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि इन प्रदर्शनकारियों की मौत कैसे हुई, लेकिन स्ट्रेचर पर पड़े खून से लथपथ शवों की तस्वीरें सामने आई हैं। कराची में अमरीकी सरकार के कर्मियों की आवाजाही पर पहले ही प्रतिबंध लगा दिया गया था और वाणिज्य दूतावास ने शनिवार को वर्तमान क्षेत्रीय तनाव का हवाला देते हुए एक बयान जारी किया था।



