अलवर में अशोक लीलैंड फैक्ट्री में आग से लाखों का नुकसान

1

अलवर। राजस्थान में अलवर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में शनिवार को अशोक लीलेंड फैक्ट्री में आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात मत्स्य औद्योगिक क्षेत्र में स्थित इस फैक्ट्री में गेट नंबर दो पर आग लगी, जहां वाहनों पर रंग-पेंट का कार्य किया जाता है। आग लगते ही फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंची और करीब पांच दमकल वाहनों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग से पेंटिंग सेक्शन में खड़ी कई गाड़ियों और सामान को भारी नुकसान पहुंचा है।

प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फैक्ट्री में बस और ट्रक निर्माण का कार्य किया जाता है, ऐसे में आग लगने की घटना को गंभीर माना जा रहा है । इसमें किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। सू्त्रों ने बताया कि फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस और फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

कुंए में गिरने से विवाहिता की मौत

अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात कुएं में गिरने से एक विवाहिता की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि पायल मीना (22) थानाराजाजी गांव में करीब 250 फुट गहरे कुंए में गिर गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से पायल को निकलवाकर राजगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पायल मीना का विवाह 13 मई 2025 को हुआ था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।