अजमेर। पंचशील नगर क्षेत्र में होली पर्व की पूर्व संध्या पर परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ होलिका दहन का मुख्य आयोजन डीमार्ट चौराहे पर हुआ। सेक्टर दो में ज्ञान मार्ग पर तथा पंचशीलेश्वर महादेव मन्दिर के पास भी होलिका दहन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे क्षेत्र में त्योहार जैसा माहौल नजर आया और ढोल-नगाड़ों की थाप पर लोग झूमते दिखे।
शाम होते ही विधि-विधान से पूजा-अर्चना का क्रम शुरू हुआ। पंडित द्वारा मंत्रोच्चार के साथ होलिका पूजन कराया गया, जिसके बाद शुभ मुहूर्त में करीब सवा आठ बजे अग्नि प्रज्वलित की गई। श्रद्धालुओं ने अग्नि की परिक्रमा कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कई महिलाओं ने पारंपरिक गीत गाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया।

इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को गले मिलकर होली की अग्रिम बधाई दी और आपसी प्रेम व सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया। इसी तरह सेक्टर 2 उद्यान के पास वाले मैदान में भी होलिका दहन किया गया।




