अलवर : ऑन लाइन कंपनियों से धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

0

अलवर। राजस्थान में अलवर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों से धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक को निरुद्ध किया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शरण कांबले ने बुधवार को बताया कि ब्लू डार्ट एक्सप्रेस लिमिटेड के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑपरेशन योगेश कुमार शर्मा ने मामला दर्ज कराया था कि पिछले वर्ष अक्टूबर से दिसंबर के बीच एक गिरोह द्वारा बार-बार उच्च मूल्य के प्रीपेड ऑर्डर दिए गए, जिनमें गोल्ड कॉइन एवं अन्य महंगे सामान शामिल थे।

जैसे ही डिलीवरी कर्मी पार्सल लेकर निकलते, आरोपी ऑर्डर रद्द करवाकर रिफंड लेने की प्रक्रिया शुरू करवा देते थे। रिफंड मिलते ही आरोपी असली ओटीपी दिखाकर डिलीवरी कर्मियों से या डिलीवरी केंद्र पहुंचकर पार्सल प्राप्त कर लेते थे। इस तरह आरोपी रिफंड और सामान दोनों हासिल कर लेते थे।

उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच में सामने आया कि आरोपी डिलीवरी कर्मी के लिए फर्जी लिंक भेजते थे, जिससे रिटर्न प्रक्रिया उनके नियंत्रण में आ जाती थी। इसके बाद वे डिलीवरी कंपनी से असली ओटीपी प्राप्त करके पार्सल अपने कब्जे में ले लेते थे।

कांबले ने बताया कि यह अलग-अलग नंबर से आईडी बनाते थे और ज्यादातर इन्होंने ब्लू डॉट कंपनी के साथ धोखाधड़ी की है। इनमें से दो आरोपी अलग-अलग लोगों के रजिस्टर्ड नंबर लेकर आईडी बनाते थे। ये लोग काफी समय से इस तरीके की धोखाधड़ी कर रहे हैं। इस गिरोह ने अलवर जिले के थानागाजी जयपुर बहरोड गुड़गांव कोटपूतली में भी धोखाधड़ी की है। वर्तमान में हरियाणा के गुड़गांव में रहकर धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दे रहे थे।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कोटपुतली बहरोड़ जिले के युवराज, दर्शन उर्फ कालू, अंकित यादव और अमित चौधरी शामिल हैं। दो पूर्व ब्लू डार्ट डिलीवरी कर्मी की संलिप्तता भी सामने आई है। मामले की जांच जारी है।