हनुमानगढ़। राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के संगरिया थाना क्षेत्र में एक नहर में बुधवार को करीब 50 वर्ष की एक अज्ञात महिला का शव मिला। पुलिस सूत्रों ने बताया कि उसने सिख मर्यादा के अनुसार धार्मिक कटार धारण की हुई है। लिहाजा यह महिला अमृतधारी प्रतीत हो रही है। उसके शरीर पर कोई जाहिरा चोट का निशान नहीं है।
पुलिस ने बताया कि दोपहर लोगों ने एक शव संगरिया के नजदीक नहर के 36 हेड पर अटके हुए देखा तो थाने में सूचना दी। मौके पर गई पुलिस ने लोगों की मदद से शव निकलवाकर सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में सुरक्षित रखवा दिया। पुलिस उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है।
कार बेकाबू होकर पुलिया से टकराई, युवक की मौत
हनुमानगढ़ जिले के संगरिया थाना क्षेत्र में बुधवार को एक कार के पुलिया से टकराने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि युवक की पहचान कौशल गोदारा (18) निवासी खिचड़ांवाली थाना सादुलशहर जिला श्रीगंगानगर के रूप में हुई है। वह दोपहर में संगरिया से कार से अपने गांव जा रहा था। संगरिया-सादुलशहर मार्ग पर इंदरगढ़ गांव के पास अचानक कार के सामने आए एक पशु को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। पुलिस ने बताया कि इससे कौशल की मौके पर ही मौत हाे गई।



