जयपुर। झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के मुकुंदपुरा रोड़, बिंदायका के वार्ड 49 में 175 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित आधुनिक पेयजल टंकियों का लोकार्पण 6 मार्च शुक्रवार को उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ एवं जलदाय मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने संयुक्त रूप से किया।
लोकार्पण समारोह में ये पेयजल टंकियां औपचारिक रूप से आम जनता को समर्पित की गई। आधुनिक तकनीक से इन टंकियों का निर्माण रिकॉर्ड समय में किया गया है जो क्षेत्र में पेयजल की समस्या का समाधान करने में सहायक सिद्ध होंगी। लोकार्पण समारोह में क्षेत्र के पार्षद, भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और पीएचईडी के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कन्हैया लाल चौधरी का आभार व्यक्त किया।
कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि भाजपा का संकल्प है कि जो कहा वो किया, इसी का परिणाम है कि मात्र 25 महीनों में ये निर्माण पूरा हुआ और आज जनता को समर्पित किया जा रहा है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘हर घर जल’ की इतनी दूरदृष्टि वाली योजना लेकर आए थे उससे आज घर-घर पेयजल पहुंच रहा है। अब महिलाओं को कई-कई किलोमीटर से सिर पर घड़े रखकर पानी नहीं लाना पड़ता।
यही जल जीवन मिशन का संकल्प है जो मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में साकार हो रहा है। उन्होंने पानी की समस्या को सरकार तक पहुंचाने के प्रयासों के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया और कहा कि कार्यकर्ता ही सरकार और जनता के बीच की एक अहम कड़ी होती है। सरकार के महत्वपूर्ण कड़ी के प्रयासों की बदौलत इतनी बड़ी परियोजना आज पूरी हुई है।
कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि सरकार बनते ही हमने नौ टंकियों का उद्घाटन कर दिया था। आज उच्च जलाशयों का उद्घाटन हुआ है। मात्र तीन सालों में तीस उच्च जलाशयों का काम शुरू कर। इन जलाशयों से सत्तर हजार परिवारों के साढे़ तीन लाख लोगों तक पेयजल पहुंचेगा। पूरे झोटवाड़ा विस क्षेत्र में सड़क निर्माण, ड्रैनेज सिस्टम का काम, सीवरेज लाइनों का काम चल रहा है। हर दिशा में काम हो रहा है।


