रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक सरकारी अधिकारी की पत्नी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि शहर की स्वर्णभूमि सोसायटी में रहने वाले एक कारोबारी ने महिला को बंधक बनाकर उसके साथ जबरदस्ती की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने थाने में दर्ज कराए अपने बयान में बताया कि 8 मार्च को आरोपी ने उसे अपने कब्जे में लेकर बंधक बना लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद महिला किसी तरह वहां से निकलने में सफल रही और सीधे थाने पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस टीम ने स्वर्णभूमि सोसायटी में दबिश देकर आरोपी गोपाल गोयल को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी सेकेंड हैंड गाड़ियों का कारोबार करता है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी यमन देवांगन ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की दुष्कर्म से संबंधित धाराओं के साथ-साथ अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत भी प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया है और उसके बयान दर्ज किए गए हैं। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



