उदयपुर। राजस्थान में उदयपुर जिले के गोगुन्दा थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम को टैम्पो के पलट जाने से दो व्यक्तियों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि हादसे के शिकार सायरा तहसील के सुआवतों का गुडा गांव के हैं। ये सभी बिजली विभाग का ट्रांसफार्मर खराब होने से उसे बदलने के लिए टैम्पो में डालकर ले जा रहे थे।
इसी दौरान राव मादडा के समीप टैम्पो अनियंत्रित होकर खड्डे में गिर गया। इससे भोपालसिंह एवं रामसिंह राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई जबकि मोहब्बतसिंह, अजयसिंह और लक्ष्मणसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी को गोगुन्दा उपजिला अस्पताल पहुंचाया जहां से गंभीर रूप से घायल मोहब्बतसिंह एवं अजयसिंह को उदयपुर भेज दिया गया। पुलिस ने शव गोगुन्दा चिकित्सालय के शवगृह में रखवा दिए हैं।



