नई दिल्ली। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने विदेश से सोने की तस्करी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। वित्त मंत्रालय ने रविवार को बताया कि इस अभियान में 14.13 करोड़ रुपए से अधिक की सोना, चांदी और भारतीय मुद्रा जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों पर विदेशों से सोने की तस्करी, रेल मार्ग से परिवहन, अवैध संयंत्रों में उसे पिघलाने और उसमें मिलावट करने तथा घरेलू बाजार में गुपचुप तरीके से बिक्री करने के आरोप हैं। उनके पास से कुल मिलाकर, 13.41 करोड़ रुपए मूल्य का 8,286.81 ग्राम सोना, 19.67 लाख रुपए मूल्य की 7,350.4 ग्राम चांदी और 51,74,100 रुपए की भारतीय मुद्रा जब्त की गई है।
मंत्रालय ने बताया कि विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर डीआरआई के अधिकारियों ने कोलकाता से ट्रेन से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर आए एक यात्री को रोका जिसके पास विदेशी निशान वाला सोना था। वह यह सोना स्टेशन के बाहर एक व्यक्ति को सौंपने वाला था। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
प्राप्त जानकारियों के आधार पर दिल्ली में तलाशी अभियान चलाया गया। इसमें दिल्ली में सोना पिघलाने के एक अवैध स्थान का पता चला। इस स्थान का उपयोग विदेशी मूल के सोने को स्थानीय बाजार में बेचने से पहले उसमें मिलावट करने के लिए किया जाता था। परिसर से अतिरिक्त सोना, चांदी और भारतीय मुद्रा बरामद की गई। उस स्थान का संचालन करने वाले प्रबंधक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
इसके बाद कोलकाता में गिरोह के सरगना का पता एक अन्य अवैध सोना पिघलाने वाली इकाई में चला। वहां उसके पास से और भी मिलावटी सोना जब्त किया गया। उसे सोना ले जाने वाले दो लोगों के साथ गिरफ्तार किया गया। उन्होंने स्वीकार किया कि तस्करी करके देश में लाया गया विदेशी निशान वाला सोना उन्होंने प्राप्त किया था और उस पर से निशान हटाने के लिए उसे पिघलाया था। यह सोना भी आगे देने के लिए रेल मार्ग से दिल्ली ले जाया जाना था।मंत्रालय ने बताया कि सभी छह व्यक्तियों को गिरफ्तार कर सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। आगे की जांच जारी है।



