देहरादून में अनैतिक देह व्यापार का भंडाफोड़, महिला सहित 3 अरेस्ट

0

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के थाना कैंट में गोपनीय सूचना के बाद पुलिस ने एक घर से अनैतिक देह व्यापार में लिप्त एक महिला सहित तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। जबकि तीन महिलाओं को छुडाया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रवेंद्र डोभाल ने मंगलवार को बताया कि गोपनीय सूचना पर बिदांल क्षेत्र में क्षेत्राधिकारी मसूरी के नेतृत्व में एएचटीयू तथा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार रात्रि में गांधी नगर रघुनाथ मंदिर के पास स्थित एक घर में औचक छापेमारी की।

उन्होंने बताया कि घर के अन्दर तीन महिलाएं तथा दो पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। जिनसे आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। उन्होंने बताया कि मौके से पुलिस टीम द्वारा अनैतिक देह व्यापार संचालित कर रही एक महिला सहित तीन अभियुक्तों रानी देवी, आशीष कुमार पाण्डे तथा फुलो खान को गिरफ्तार किया। जबकि तीन पीडितों को उनके चंगुल से छुडवाया गया है।

डोभाल ने अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर बताया कि उक्त मकान आरोपी रानी देवी का है, जो पिछले कुछ समय से आशीष कुमार पाण्डे के साथ मिलकर घर में अनैतिक देह व्यापार संचालित कर रही थी। मौके से छुडवाई गई महिलाओं को अभियुक्ता द्वारा काम दिलाने के बहाने बाहरी राज्यों से देहरादून बुलाया था तथा उनकी मजबूरियों का फायदा उठाकर वह उनसे अनैतिक देह व्यापार करवा रही थी।

अभियुक्ता व्हट्सअप के माध्यम से लडकियों की फोटो ग्राहकों को भेजकर उनसे रेट और लडकियों को भेजने का समय तथा स्थान निर्धारित करती थी, जबकि अभियुक्त आशीष लडकियों को ग्राहकों तक पहुंचाने का काम करता था। जिसके एवज में उसे मोटा कमीशन मिलता था। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध कोतवाली कैंट में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।