श्रीगंगानगर में फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर 37 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी

0

श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर के सदर थाना क्षेत्र में फॉरेक्स ट्रेडिंग के लालच में फंसकर प्लाईवुड एंड हार्डवेयर के एक व्यापारी को 37 लाख रुपए से अधिक की चपत लगने का मामला सामने आया है।

सदर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच खुद थाना प्रभारी पुलिस इंस्पेक्टर सुभाषचंद्र ढील कर रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित मितेश शर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि अमित महर्षि, रतनाराम, मोतीलाल देवासी, कृष्णा आंगड़िया और अमरचंद ने मिलकर उसे झांसा देकर फोरेक्स ट्रेडिंग में निवेश कराने के नाम पर 37 लाख 34 हजार रुपए की धोखाधड़ी की है। पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। सभी आरोपियों के मोबाइल नंबर, व्हाट्सएप चैट, बैंक ट्रांजेक्शन और लोकेशन की जांच की जा रही है।

दुकान के ताले तोड़े, हजारों की चोरी

श्रीगंगानगर जिले के जवाहर नगर थाना क्षेत्र में बुधवार को चोर एक दुकान को निशाना बनाते हुए 25 हजार रुपए चुराकर ले गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि हनुमानगढ़ मार्ग पर चहल चौक से आगे एक मार्ट डिपार्टमेंटल स्टोर और उसके सामने एक किराना स्टोर में अज्ञात चोर तड़के ताले तोड़कर अंदर घुस गए। चोर मार्ट डिपार्टमेंटल स्टोर से नगदी चुरा ले गए जबकि किराना स्टोर से उनको खाली हाथ लौटना पड़ा।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि चोरों के निशाने पर सिर्फ नगदी थी। किराना स्टोर में उनको नगदी नहीं मिली। चोरियां होने का आज सुबह पता चला, जब दुकानदार रोजाना की तरह दुकान पर आए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच की। पुलिस ने बताया कि चोर मार्ट से 25 हजार रुपए नगद ले गए इसके अलावा कुछ चोरी नहीं हुआ।