उत्तराखंड में धामी कैबिनेट का लम्बी प्रतीक्षा के बाद रिक्त पांच पदों पर हुई ताजपोशी, तेजतर्रार कौशिक भी बने मंत्री

1

देहरादून। उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी के मुख्यमंत्रित्व वाली मंत्री परिषद (कैबिनेट) में रिक्त पांच पदों पर लम्बे अंतराल के बाद शुक्रवार को नए मंत्रियों की नियुक्ति हो गई। इनमें तीन विधायकों ने पहली बार, एक ने दूसरी और एक ने चौथी बार मंत्री पद की शपथ ग्रहण की।

राजधानी देहरादून में आज सुबह सवा दस बजे लोक भवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में हरिद्वार सदर से कई बार विधायक बने तेजतर्रार मदन कौशिक, देहरादून की राजपुर (सुरक्षित) विधानसभा के विधायक और सज्जनता की प्रतिमूर्ति कहे जाने वाले खजान दास, रुड़की के विधायक प्रदीप बत्तरा, भीमताल से विधायक रामसिंह कैड़ा और रुद्रप्रयाग से भरत सिंह चौधरी को नए मंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

आधिकारिक सूत्रों ने आज सुबह ही इसकी जानकारी दी कि राज्यपाल सिंह नए मंत्रियों को शपथ ग्रहण कराएंगे। कैबिनेट विस्तार की एक लम्बे समय से चर्चाएं चल रही थीं। वर्तमान सरकार के चार वर्ष पूरे होने के बाद अब ये विस्तार क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए किया गया है। कैबिनेट में पिछले लम्बे समय से कुल पांच पद रिक्त थे।

इनमें से तीन पद पिछली सरकार से रिक्त चल रहे थे, जबकि वर्तमान सरकार में मंत्री चंदन रामदास के निधन और प्रेम चन्द अग्रवाल के त्यागपत्र से दो पद रिक्त हुए। इस तरह कुल पांच पद कैबिनेट में रिक्त चल रहे थे। नए मंत्री के रूप में कैबिनेट के सदस्य बने मदन कौशिक ने चौथी बार मंत्री पद की शपथ ली है, जबकि खजान दास दूसरी बार मंत्री बने हैं। अन्य तीन प्रदीप बत्तरा, भरत चौधरी और रामसिंह कैड़ा पहली बार मंत्री बने हैं।