नई दिल्ली। तेल विपणन कंपनियों ने शुक्रवार से प्रीमियम पेट्रोल के दाम दो रुपए प्रति लीटर बढ़ा दिए हैं, जबकि खुदरा (सामान्य) पेट्रोल और किसी भी तरह के डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली के इरविन रोड सर्विस स्टेशन पर आज से प्रीमियम पेट्रोल एक्सपी95 की कीमत 101.89 रुपए प्रति लीटर हो गई है। पहले इसकी कीमत 99.89 रुपए प्रति लीटर थी।
सामान्य पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपए प्रति लीटर और डीजल की 87.67 रुपए प्रति लीटर पर स्थिर है। प्रीमियम डीजल एक्सजी की कीमत भी 91.49 रुपए प्रति लीटर पर अपरिवर्तित रखी गई है।
इंडियन ऑयल के अलावा दूसरी कंपनियों भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने भी कीमतों में लगभग इतनी ही बढ़ोतरी की है। लंबे समय बाद किसी भी तरह के पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े हैं।
पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे इसके दाम बढ़े हैं। बढ़ी लागत की भरपाई के लिए तेल विपणन कंपनियों में प्रीमियम पेट्रोल के दाम बढ़ाए हैं।



