नोएडा : शादी का झांसा देकर रेप, ब्लैकमेलिंग और धर्म परिवर्तन के दबाव का आरोपी अरेस्ट

0

नोएडा। उत्तर प्रदेश के सेंट्रल नोएडा फेस तृतीय थाना पुलिस ने एक गंभीर मामले में कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, पैसे और जेवर हड़पने तथा धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप हैं।

शुक्रवार को पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की जानकारी देते हुए बताया कि पीड़िता ने गत मंगलवार को फेस तृतीय थाना में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी विकास कुमार उर्फ मोहम्मद रमीज (26 वर्ष), निवासी नया मोहल्ला ताज कॉलोनी, कोतवाली छतरपुर, जनपद छतरपुर, ने उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान आरोपी ने उसका वीडियो भी बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करता रहा।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उससे पैसे और जेवर भी हड़प लिए तथा जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोपी द्वारा उस पर धर्म परिवर्तन के लिए भी दबाव बनाया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था।

गुरुवार को फेस तृतीय थाना पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और उसे छतरपुर स्थित कोतवाली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी दसवीं पास है। उसके खिलाफ संबंधित मामले में उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध (संशोधन) अधिनियम-2024 की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने इस तरह की वारदात किसी और के साथ तो नहीं की है।

वहीं इस मामले कोताही बरतने पर पुलिस आयुक्त द्वारा फेस तृतीय थाना प्रभारी और एक महिला दरोग को निलंबित किया है और सेंट्रल डीसीपी से स्पष्टीकरण एवं एसीपी से जवाब तलब किया है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।