मुंबई। मुंबई में चर्चित धर्मगुरूअशोक खारत की महिला शोषण के आरोपों में गिरफ्तारी के बाद राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रुपाली चाकणकर पर भी गाज गिरने की आशंका है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने शुक्रवार को संकेत दिए कि चाकणकर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए पटेल ने कहा कि इस प्रकरण में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी नेतृत्व जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले दिनों में चाकणकर पर कार्रवाई संभव है।
गौरतलब है कि स्वयंभू धर्मगुरु अशोक खारत को महिलाओं के शोषण के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि रुपाली चाकणकर खारत द्वारा स्थापित एक ट्रस्ट की ट्रस्टी थीं। इससे जुड़े फोटो और रिपोर्ट्स सामने आने के बाद विवाद और गहरा गया है।
सूत्रों के अनुसार अगले दो दिनों में चाकणकर से इस्तीफा मांगा जा सकता है। इस बीच राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं और कई नेताओं व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें पद से हटाने की मांग की है।
एनसीपी नेता रुपाली पाटिल थोंबरे ने आशंका जताई है कि चाकणकर अपने पद का दुरुपयोग कर सबूतों को प्रभावित या नष्ट कर सकती हैं, इसलिए उन्हें तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। वहीं शिवसेना (ठाकरे गुट) की प्रवक्ता सुषमा अंधारे और सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया ने भी चाकणकर को हटाने की मांग का समर्थन किया है।
मामला लगातार गरमाता जा रहा है और आने वाले दिनों में इससे जुड़े राजनीतिक और कानूनी घटनाक्रम सामने आने की संभावना है। वहीं धर्मगुरू अशोक खारत को नाशिक में आध्यात्मिकता के नाम पर महिलाओं का शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है, पुलिस ने इसकी पुष्टि की है।



