अजमेर कलक्टर लोकबंधु ने ग्राम झड़वासा में लगाई रात्रि चौपाल

0

ग्रामीणों की सुनी समस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश
अजमेर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के त्वरित एवं धरातलीय निस्तारण तथा प्रशासन की पहुंच अंतिम छोर तक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को उपखंड नसीराबाद के ग्राम झड़वासा में कलक्टर लोकबंधु की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया।

कलक्टर ने कृषकों, युवाओं एवं महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याएं एवं सुझावों को सुना। साथ ही रात्रि चौपाल में प्राप्त जन परिवेदनाओं के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश दिए। रात्रि चौपाल में 25 परिवाद प्राप्त हुए।

रात्रि चौपाल को संबोधित करते हुए कलक्टर ने कहा कि ग्राम में चौपाल लगाने का मूल उद्देश्य आमजन की समस्याओं को निकटता से समझकर विभागीय समन्वय के माध्यम से उनका पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर ही उनके निराकरण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान के अंतर्गत प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किया गया। जिला कलक्टर ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री की मंशानुसार विकसित राजस्थान के निर्माण के लिए अभियान के अंतर्गत राज्य की सभी ग्राम पंचायतों एवं नगरीय वार्डों के लिए स्थानीय आवश्यकताओं एवं आकांक्षाओं के अनुरूप विकास का दीर्घकालिक रोडमैप तैयार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस अभियान में जनभागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है और ग्राम स्तर पर एकत्रित सुझावों के आधार पर आगामी विकास योजना तैयार की जाएगी। इस प्रक्रिया से स्थानीय संसाधनों, आवश्यकताओं एवं विशिष्टताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित होगा तथा क्षेत्रीय उत्पादों को भी नई पहचान और प्रोत्साहन मिलेगा।

महिलाओं से संवाद करते हुए कलक्टर ने राजीविका एवं आंगनबाड़ी से जुड़ी महिलाओं द्वारा संचालित गतिविधियों की जानकारी ली तथा उनके उत्पादों की विपणन क्षमता बढ़ाने एवं व्यवसाय विस्तार के लिए आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने महिला समूहों को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों जैसे सोलर दीदी सहित अन्य आवश्यकताओं के सुझाव भी मांगे।

कृषकों के साथ संवाद में कलक्टर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की किस्तों की समयबद्ध प्राप्ति की जानकारी ली तथा फसल उत्पादन, भूजल स्थिति और भूमि की उर्वरता पर चर्चा की। उन्होंने किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुरूप फसल चयन करने, फसल बीमा कराने तथा राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही तारबंदी, फार्म पॉण्ड, शेडनेट जैसी योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों की समस्याएं भी सुनीं।

युवाओं से संवाद के दौरान उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में ईमानदारी और परिश्रम के साथ जुटने का आह्वान किया तथा राज्य सरकार द्वारा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी। उन्होंने प्रत्येक ग्राम में स्थापित अटल ज्ञान केंद्रों का अधिकतम उपयोग करने, नशे से दूर रहने तथा पढ़ाई और खेलकूद में संतुलन बनाए रखने की सलाह दी। साथ ही युवाओं को करियर काउंसलिंग के लिए अधिकारियों एवं कार्मिकों से मार्गदर्शन लेने के लिए प्रेरित किया।

रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने जनहित एवं व्यक्तिगत महत्व के विभिन्न परिवाद प्रस्तुत किए। इनमें विद्यालय के लिए खेल मैदान की व्यवस्था, पेयजल की नियमित आपूर्ति, जल निकासी के लिए नाला निर्माण, विद्युत आपूर्ति में सुधार, आवागमन के लिए नए मार्गों का निर्माण तथा खातेदारी भूमि से नियमानुसार मार्ग उपलब्ध कराने जैसी समस्याएं प्रमुख रहीं।

कलक्टर ने इन सभी परिवादों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमानुसार त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए परिवादियों को शीघ्र राहत प्रदान करें। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी देवीलाल यादव, वृताधिकारी कृष्ण कुमार, विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।