खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के जामर्दा गांव में पालक की सब्जी नहीं बनाने को लेकर हुए विवाद में गर्भवती महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है।
भीकनगांव के एसडीओपी राकेश आर्य ने बताया कि 25 वर्षीय गर्भवती शीलाबाई की हत्या के मामले में उसके पति सुनील को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शुक्रवार को पालक की सब्जी नहीं बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पत्नी को घर के पीछे खेत में ले जाकर कुल्हाड़ी से उसकी गर्दन पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी अपने एक रिश्तेदार के घर पहुंचा और उसे घटना की जानकारी दी। बताया गया है कि दंपति कुछ दिन पहले ही महाराष्ट्र से मजदूरी कर गांव लौटे थे। उनके दो छोटे बच्चे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे और आक्रोश जताया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया और महिला का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार कराया गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।



