भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर में रविवार को श्रीराम जन्मोत्सव शोभायात्रा समिति की तरफ से निकाली गई मोटर साइकिल रैली के दौरान युवकों और पुलिस में हुई कहासुनी और धक्का मुक्की से कुछ देर के लिए तनाव व्याप्त हो गया। बाद में मौके पर मौजूद संजीदा लोगों ने पुलिस और युवकों में बीच बचाव करवाकर मामला शांत कराया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मथुरा गेट पुलिस द्वारा युवाओं को एक मोटर साइकिल पर तीन सवारी बिठाने एवं मोटर साइकिल के साइलेंसर से पटाखे फोड़ने पर चालान करने की बात से युवाओं और पुलिस के बीच कहासुनी हो गई।सूत्रों ने बताया कि इस बीच पुलिसकर्मी मोटर साइकिलों के नंबर नोट करने लगे तो युवक भड़क गए। युवकों और पुलिस के बीच मामला शांत होने के बाद रैली शुरू हो सकी।
नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या की
भरतपुर के रुदावल थाना क्षेत्र में बंशी पहाड़पुर में तीन महीने पहले ही निकाह करने वाली एक नवविवाहिता द्वारा फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने का मामला सामने आया है। पुलिस सू्त्रों ने बताया कि मृतका नगमा की शादी फिरोजाबाद निवासी कुरान से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी में पर्याप्त दान-दहेज देने के बावजूद उसका पति कुरान शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था और लगातार मोटर साइकिल की मांग कर रहा था।
सूत्रों ने बताया कि नगमा शनिवार रात अपने कमरे में अकेली सो रही थी, जबकि उसका पति दूसरे कमरे में था। सुबह जब पति कमरे में पहुंचा तो नगमा का शव पंखे के कुंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुँचे मृतका के भाई शनि ने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है।



