डीग। राजस्थान में डीग जिले में गोपालगढ़ थाना क्षेत्र में बिजासना गांव में रविवार को एक दूसरे गांव के करीब 25 हथियारबंद लोगों के गांव में घुसकर ग्रामीणों पर हमला करने से गांव में भगदड़ मच गई।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया है और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने गोपालगढ़ थाने में आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है।
पुलिस सूत्रों ने ग्रामीणों की तरफ से पेश शिकायत के हवाले से बताया कि पुरानी रंजिश के चलते लाठी-डंडे और अवैध हथियारों से युक्त गंगौरा गांव के करीब 25 हमलावरों ने बिजासना गांव में ग्रामीणों से मारपीट की। बाद में जब ग्रामीणों ने एकजुट होकर हमलावरों को ललकारा तो खुद को घिरता देख आरोपियों ने दहशत फैलाने के लिए हवा में ताबड़तोड़ तीन चक्र गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए।
सूत्रों ने बताया कि इस वारदात को दो दिन पहले हुए एक विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है जिसमें गंगौरा और बिजासना गांव के युवकों के बीच दो दिन पहले किसी बात को लेकर कहासुनी और झगड़ा हुआ था। ग्रामीणों ने गोलीबारी करने वाले मुख्य आरोपियों की पहचान कर ली है।



