पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले में पुणे-नासिक राजमार्ग पर मंचर के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि रविवार देर रात मंचर क्षेत्र से गुजरते समय चालक ने कार पर से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद वाहन डिवाइडर को पार करके विपरीत लेन में चली गयी और पुणे से नासिक की ओर जा रही एक निजी बस से उसकी सीधी टक्कर हो गई।
मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतकों की पहचान पिंपरी-चिंचवाड़ निवासी मल्लिकार्जुन अंबेगावे, उनकी पत्नी आरती अंबेगावे और उनकी मां लता तुपलोंधे के रूप में हुई है। परिवार नासिक में एक कार्यक्रम में शामिल होने गया था और घर लौट रहा था।
इसी बीच, वाहन में सवार मल्लिकार्जुन के बेटे और बेटी घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मंचर पुलिस स्टेशन की एक टीम मौके पर पहुंची, शवों को बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल बच्चों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की आगे की जांच जारी है।



