अजमेर। आगामी 26 एवं 27 मार्च को स्थानीय ग्रेंड जीनिया होटल वरूण सागर मार्ग में श्री राम चन्द्र मिशन एवं हार्टफुलनैस संस्थान के वैश्विक मार्गदर्शक पूज्य दाजी के सान्निध्य में आयोजित होने वाले सामूहिक ध्यान कार्यक्रम का शहरवासियों को आमन्त्रण का सिलसिला अनवरत जारी है।
जिला समन्व्यक गिरीश गुप्ता ने बताया कि आमन्त्रण की इस श्रृंखला में जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत को पूर्व में ही आमन्त्रित किया जा चुका है। आज संस्था के सदस्यों द्वारा संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़, कलक्टर लोक बन्धु, पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अगरवाल, जज-मोटर व्हीकल कोर्ट महेन्द्र सिंह डाबी, सचिव डीएलएसए किशन मुरारी जिन्दल, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राम प्रकाश, अजयमेरू प्रेस क्लब, मेडीकल कॉलेज, भारत विकास परिषद, हरिभाऊ उपाध्याय नगर विकास समिति, व्यापारिक संघ, विभिन्न स्कूल, कालेज में सम्पर्क कर कार्यक्रम में उपस्थिति के लिए आमन्त्रित किया गया।
उन्होंने बताया कि सम्पर्क के दौरान संस्था के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए अवगत कराया कि रामचन्द्र मिशन एवं हार्टफुलनैस संस्थान के वैश्विक मार्गदर्शक पदम्भूषण पूज्य दाजी राजस्थान प्रवास पर है। वे अजमेर में प्रथम बार पधार रहे हैं। संस्थान का वैश्विक मुख्यालय कान्हा शान्तिवनम हैदराबाद में स्थित है।
विश्व के 170 देशों में हार्टफुलनैस के हजारों प्रशिक्षक निःशुल्क ध्यान के माध्यम से व्यक्तित्व का विकास कर समाज कल्याण की दिशा में कार्यरत है। साथ ही बताया कि आमजन को ध्यान के सुखद एवं दिव्य अनुभव प्राप्त हो रहे है। संस्था द्वारा शहरवासियों से अपील की जा रही है कि अधिक से अधिक संख्या में पधार कर पूज्य दाजी के सानिध्य में आयोजित इस सामूहिक ध्यान सत्र से लाभान्वित होवें।



