रायसिंहनगर रेंज का क्षेत्रीय वन अधिकारी रिश्वत लेते अरेस्ट

0

श्रीगंगानगर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर रेंज के क्षेत्रीय वन अधिकारी को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि परिवादी ने ब्यूरो की श्रीगंगानगर इकाई में शिकायत की कि उसकी फर्म को वन विभाग की रायसिंहनगर रेंज के तहत आने वाली दो अलग-अलग माइनर नहरों से पेड़ों के ठूंठ निकालने का ठेका मिला हुआ है।

क्षेत्रीय वन अधिकारी अशोकसिंह ने इस कार्य के लिए और अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने की एवज में एक लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। वह रिश्वत न देने पर फर्म को ब्लैकलिस्ट करने और दोनों कार्यों की एनओसी जारी न करने की धमकी देकर परेशान कर रहा है।

सूत्रों ने बताया कि इस पर ब्यूराे के श्रीगंगानगर इकाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पवनकुमार मीणा के नेतृत्व में गठित ब्यूरो के दल ने सत्यापन के बाद जाल बिछाकर रायसिंहनगर के नजदीक चक 11-टीके में स्थित वन विभाग के कार्यालय में अशोक सिंह को परिवादी से 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।