भीलवाड़ा के शाहपुरा में कार से टकराकर बस पलटी, 37 लोग घायल

0

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा थाना क्षेत्र में भीलवाड़ा-शाहपुरा मार्ग पर मंगलवार को एक बस के कार से टकराने के बाद पलटने से 37 लोग घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि एक निजी बस भीलवाड़ा से देवली की ओर जा रही थी। यात्रियों के अनुसार चालक बस को काफी तेज गति से चला रहा था। रायपुर चौराहे के पास सडक़ पर आए एक गहरे गड्ढे को बचाने के प्रयास में चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया जिससे अनियंत्रित बस विपरीत दिशा से आ रही एक कार को टक्कर मारते हुए सडक़ किनारे पलट गई। इससे बस और कार में सवार 37 लोग घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही शाहपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस वाहन से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने बताया कि हादसे में घायल 37 लोगों में से दो कार सवार शामिल हैं। शाहपुरा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल भीलवाड़ा भेज दिया गया। शेष घायलों का उपचार शाहपुरा में जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।