माध्यमिक, माध्यमिक व्यावसायिक एवं प्रवेशिका परीक्षाओं के साथ अन्य परीक्षाओं के परिणाम घोषित
अजमेर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने वर्ष 2026 की माध्यमिक, माध्यमिक व्यावसायिक एवं प्रवेशिका परीक्षाओं के साथ अन्य परीक्षाओं के परिणाम मंगलवार को जारी कर दिए।
राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने परिणाम जारी करते हुए बताया कि माध्यमिक एवं माध्यमिक व्यावसायिक परीक्षा 2026 में कुल 10 लाख 66 हजार 561 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए। इनमें से 10 लाख 49 हजार 68 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। इसमें छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों की तुलना में बेहतर रहा। परीक्षा में पांच लाख 51 हजार 534 छात्रों में से दो लाख 72 हजार 252 छात्र और चार लाख 97 हजार 534 छात्राओं में से एक लाख 99 हजार 661 छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुई हैं।
इसी प्रकार प्रवेशिका परीक्षा 2026 में कुल सात हजार 764 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए। इनमें से सात हजार 570 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। प्रथम श्रेणी में तीन हजार 577 छात्रों में से 499 छात्र और तीन हजार 993 छात्राओं में से 960 छात्राएं उत्तीर्ण हुई हैं।
उन्होंने बताया कि प्रारम्भिक शिक्षा पूर्णता प्रमाण-पत्र कक्षा-आठ परीक्षा 2026 का आयोजन 19 फरवरी से मार्च 2026 तक 10,056 परीक्षा केन्द्रों पर किया गया। इस परीक्षा में कुल 12 लाख 86 हजार 220 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए। इनमें से 12 लाख 45 हजार 735 परीक्षार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए। इस परीक्षा में 2,209 परीक्षार्थियों का परिणाम रोका गया है, जिसे नियमानुसार बाद में जारी किया जाएगा, जबकि 38 हजार 276 परीक्षार्थी पूरक श्रेणी में वर्गीकृत किए गए हैं।
दिलावर ने बताया कि प्राथमिक शिक्षाअधिगम स्तर मूल्यांकन कक्षा-5 परीक्षा 2026 का आयोजन 20 फरवरी से 6 मार्च 2026 तक राज्य के 18 हजार 621 परीक्षा केन्द्रों पर किया गया। इसमें कुल 13 लाख 68 हजार 947 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए। इनमें से 13 लाख 33 हजार 936 परीक्षार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए। कुल चार हजार 371 परीक्षार्थियों का परिणाम विभिन्न कारणों से रोका गया है। इसे प्रक्रिया पूर्ण होने पर पृथक से जारी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 30 हजार 640 परीक्षार्थी पूरक श्रेणी में वर्गीकृत किए गए हैं, जिनकी पूरक परीक्षा जुलाई 2026 में आयोजित होगी। कक्षा-5 एवं कक्षा-8 परीक्षाओं के परिणाम में ग्रेड आधारित मूल्यांकन प्रणाली अपनाई गई है। कक्षा-5 में 81 से 100 अंक प्राप्त करने वाले चार लाख 89 हजार 535 को ए ग्रेड, 61 से 80 अंक प्राप्त करने वाले सात लाख 45 हजार 152 को बी ग्रेड, 41 से 60 अंक प्राप्त करने वाले 99 हजार 129 को सी ग्रेड प्रदान किया गया है।
कक्षा-8 में 81 से 100 अंक प्राप्त करने वाले दो लाख 62 हजार 26 परीक्षार्थियों को ए ग्रेड, 61 से 80 अंक प्राप्त करने वाले सात लाख छह हजार को बी ग्रेड, 41 से 60 अंक प्राप्त करने वाले दो लाख 75 हजार 507 को सी ग्रेड प्रदान किया गया है। दिलावर ने सभी सफल परीक्षार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और बेहतर परिणाम के लिए शिक्षकों, अभिभावकों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों के समन्वित प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर संभागीय आयुक्त एवं बोर्ड प्रशासक शक्ति सिंह राठौड़, बोर्ड सचिव गजेन्द्र सिंह राठौड़ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



