अलवर। राजस्थान में अलवर के केंद्रीय कारागृह में बुधवार देर रात जेल के हल्का नंबर-1 स्थित वार्ड नंबर-1 में संदिग्ध गतिविधि के बाद तलाशी लेने पर मोबाइल फोन और निषिद्ध सामग्री बरामद हुई।
सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों को रात करीब दो बजे किसी वस्तु के गिरने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद मुख्य प्रहरी हरसहाय मीणा और अन्य कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान शौचालय के पास एक संदिग्ध पैकेट मिला, जिसे खोलने पर चार कीपैड मोबाइल फोन और करीब दो ग्राम गांजा जैसी नशीली सामग्री बरामद हुई।
सूत्रों ने बताया कि बरामद मोबाइल फोन में एक कंपनी के अलग-अलग मॉडल शामिल हैं, जो बिना सिम के थे। प्राथमिक जांच में यह सामने आया कि यह सामग्री लावारिस हालत में मिली, लेकिन इसके पीछे किसी अंदरूनी या बाहरी मिलीभगत की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता।
जेल प्रशासन ने सामग्री को जब्त करके सीलबंद किया और मामले की रिपोर्ट शहर कोतवाली थाने में दर्ज करवायी गयी है। पुलिस ने कारागार अधिनियम और मादक द्रव्य एवं मनोत्तेजक (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
गोदाम चोरी का खुलासा , रिक्शा चालक अरेस्ट
अलवर के कोतवाली थाना क्षेत्र में केडलगंज स्थित सुगनाबाई की धर्मशाला में भूमिका एजेंसी के गोदाम में हो रही चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक ऑटो रिक्शा चालक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि आरोपी रिक्शा चालक शिबुद्दीन खान को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी शाहिद खान अभी फरार है।
उन्होंने बताया कि गोदाम से लगातार सामान चोरी होने की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान आरोपी शिबुद्दीन को पकड़ा गया, जिसने पूछताछ में खुलासा किया कि वह शाहिद के कहने पर कई बार गोदाम से सामान रिक्शे के माध्यम से उसके घर पहुंचा चुका है। चोरी किए गए सामान में कॉपर वायर, आटा चक्की, पानी की मोटर सहित अन्य सामग्री शामिल है। पुलिस शाहिद को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।



