भीलवाड़ा। राजस्थान में आबकारी निरोधक कार्यबल (एएनटीएफ) ने भीलवाड़ा के प्रताप नगर थाना क्षेत्र में चाय की गुमटी की आड़ में एमडीएमए बेच रहे एक संचालक को गिरफ्तार करके उससे छह ग्राम एमडीएमए बरामद किया है।
एएनटीएफ के सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुर रोड स्थित प्रतापनगर पुलिस चौकी के नजदीक जलदाय विभाग की दीवार के पास एक चाय की गुमटी पर नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है।
इस पर एएनटीएफ की टीम ने प्रताप नगर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए लेबर कॉलोनी निवासी पूरण (45) की गुमटी पर दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां से छह ग्राम एमडीएमए मिली, जिसके बाद पुलिस ने पूरण को गिरफ्तार कर लिया।
कार से 50 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद
भीलवाड़ा के रायला थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक कार से 50 किलो 350 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद करके दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने गुरुवार को बताया कि पुलिस दल ने भीलवाड़ा-गुलाबपुरा मार्ग पर नाकाबंदी की थी। इस दौरान भीलवाड़ा की ओर से आ रही एक कार को रुकवाकर तलाशी ली गई, तो उसमें 50 किलो 350 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि कार में सवार देवाराम जाट (22) और प्रीतम पुरी गोस्वामी (26) को गिरफ्तार कर लिया गया।
अवैध खनन करते डम्पर, जेसीबी मशीन जब्त
भीलवाड़ा जिले के बड़लियास थाना क्षेत्र में गुरुवार को जिला विशेष दल (डीएसटी) ने अवैध बजरी खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन डंपर और एक जेसीबी मशीन जब्त की हैं। डीएसटी सूत्रों ने बताया कि दल ने तड़के जीवा का खेड़ा गांव के पास दबिश दी, जहां से अवैध बजरी खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन डंपर और एक जेसीबी मशीन को जब्त किया। इस कार्रवाई से क्षेत्र के बजरी माफियों में हड़कंप सा मच गया।



