अलवर में ट्रैफिक पुलिस के हेड कांस्टेबल की संदिग्ध हालात में मौत

0

अलवर। राजस्थान में अलवर में यातायात पुलिस में तैनात हेड कांस्टेबल राजकुमार शर्मा (56) की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। वह मूल रूप से हरियाणा के फर्रुखनगर क्षेत्र के जोनिया बास के निवासी थे और वर्तमान में पुलिस लाइन अलवर में निजी क्वार्टर में निवासरत थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार शाम को उनकी तबीयत अचानक खराब हुई। इससे पहले कि उन्हें उपचार मिल पाता, उन्होंने अपने क्वार्टर पर ही दम तोड़ दिया। गुरुवार सुबह करीब सात बजे घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव अलवर जिला अस्पताल पहुंचाया।

परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण अचानक तबीयत बिगड़ना बताया जा रहा है, हालांकि स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा।

चोरों ने बनाया सूने घर को निशाना, 10 लाख रुपए के गहने पार

अलवर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात चोर एक सूने घर में घुसकर करीब 10 लाख रुपए के नगदी और गहने पार कर ले गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एम के कॉलोनी निवासी मकान मालिक श्यामलाल कोली ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि जब घर में कोई नहीं था, इसी दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर प्रवेश किया और नीले ड्रम में रखे कीमती सामान को निशाना बनाते हुए मंगलसूत्र, पाएजेब, चूड़ियां, अंगूठियां, कुंडल सहित अन्य आभूषण और करीब 20 हजार रुपए नगद चुराकर ले गए।

उसने बताया कि आज सुबह जब वह घर पहुंचा तो घर का ताला टूटा मिला। अंदर सामान बिखरा हुआ था। इसकी सूचना पुलिस को दी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।