भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर के एक निजी ट्रोमा सेंटर में शुक्रवार को एक युवक की मौत के बाद परिजनों ने ट्रोमा सेंटर के बाहर शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन करते हुए रास्ता अवरुद्ध कर दिया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद रास्ता खुलवाया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि धौलपुर के जगरिया का रहने वाला अजय (18) धौलपुर में एक सड़क हादसे में अपने साथी सौरभ के साथ गम्भीर रूप से घायल हो गया था। उसे धौलपुर के सरकारी अस्पताल से भेजा या था। उसे भरतपुर में शहर के काली बगीची चौराहे स्थित राज ट्रॉमा सेंटर अस्पताल में 31 मार्च को भर्ती किया गया था।
मृतक के सिर के ऑपरेशन के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत ठीक बताते हुए शुक्रवार को छुट्टी देने की बात कही, लेकिन इसी बीच मध्याह्न 12 बजे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव आरबीएम अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।
झगड़े में घायल महिला की मौत
भरतपुर के रूपवास थाना क्षेत्र में सिरसौदा गांव में रास्ते से पत्थर हटाने को लेकर हुए विवाद में दो सप्ताह पहले गम्भीर रूप से घायल हुई महिला भूदेवी की इलाज के दौरान शुक्रवार को मौत हो जाने के बाद मृतका के परिजन और समाज के आक्रोशित लोगों ने रूपवास अस्पताल पर जमकर हंगामा किया।
परिजनों ने विवादित रास्ते से अतिक्रमण नहीं हटाए जाने तक मृतका का पोस्टमार्टम कराने से भी इन्कार कर दिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि तनाव को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक ऋतु बनावत और पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनोंं को जल्द ही अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने को राजी हुए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मामले में 10 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।



