श्रीगंगानगर : पेड़ की टूटी शाखा से टकराकर कार पलटी, 2 की मौत

0

श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले में पदमपुर श्रीकरनपुर मार्ग पर शुक्रवार की रात को सड़क पर पेड़ की टूटकर गिरी शाखा से एक कार के टकराकर पलट जाने से दो लोगों की मौत हो गई।

पुलिस सू्त्रों ने शनिवार को बताया कि कार में सवार पांच लोग अपने गांव से पदमपुर के नजदीक गांव श्रीनगर अपने किसी घरेलू काम के लिए जा रहे थे। रात करीब सवा नौ बजे पदमपुर-श्रीकरणपुर मार्ग पर चक 47 और 50 जीजी के बीच एक वेयरहाउस के पास अचानक एक पेड़ की शाखा टूटकर गिर गई। इसी दौरान वहां से गुजर रही कार उससे टकराकर पलट गई।

घटना में कश्मीरसिंह मजहबी सिख (50) और पवन नायक (18) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कार में सवार अन्य तीन लोग बाल बाल बच गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मोटर साइकल से गिरकर बुजुर्ग महिला की मौत

श्रीगंगानगर जिले के लालगढ़ जाटान थाना क्षेत्र में गांव बनवाली के पास मोटर साइकिल से गिरने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को बताया कि मृतक महिला की पहचान लिछमादेवी (65) के रूप में हुई। वह अपने बेटे के साथ मोटरसाइकिल पर शुक्रवार की देर शाम सादुलशहर से श्रीगंगानगर की तरफ जा रही थी।

बनवाली गांव के पास वह चक्कर आ जाने के चलते मोटरसाइकिल से गिर गई जिससे उसके काफी गंभीर चोट लगी। पुलिस ने बताया कि उसे श्रीगंगानगर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।