डीग में कार की चपेट में आने से 3 बाइक सवार लोगों की मौत

1

डीग। राजस्थान में डीग जिले के गोपालगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एसयूवी कार की चपेट में आने से मोटर साइकिल पर सवार तीन लोगों की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि हरियाणा के नूंह जिले (रेहना गांव) का निवासी नजाकत (28) अपनी बहन मुस्सी (38) और उसके पुत्र मोनिस (15) को उसके ससुराल गोपालगढ़ के जोतरी गांव छोड़ने जा रहा था। देर रात अंधवाड़ी गांव के पास सड़क किनारे वह मोटर साइकिल को खड़ी कर ही रहा था कि अचानक पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

पुलिस ने बताया कि इससे मुस्सी और उसके बेटे मोनिस की मौके पर ही मौत हो गई। नजाकत को गंभीर हालत में अलवर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। फरार कार चालक की तलाश की जा रही है।

चारपाई पर सो रहे अधेड़ की हत्या

डीग जिले के सीकरी थाना क्षेत्र में टट्टा का बास में शुक्रवार देर रात एक अधेड़ व्यक्ति की हत्या कर दी गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक शनिवार को सुबह युसुफ (50) का शव उसकी दुकान के बाहर चारपाई पर मिला। उन्होंने बताया कि कल रात यूसुफ जब अपनी दुकान के बाहर चारपाई पर सो रहा था, तभी किसी ने लाठी से उसके सिर पर वार करके हत्या कर दी।

सुबह यूसुफ की पत्नी उसे जगाने खेत पर गई तो खाट पर यूसुफ को मरा पाया। उसने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने मौके पर पहुंची पुलिस ने शव सीकरी अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। पुलिस ने परिजनों के शंका जाहिर करने पर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।