श्रीगंगानगर के अनूपगढ़ शहर में इलेक्ट्रिक रॉड से करंट लगने से मां-बेटी की दर्दनाक मौत

0

श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ शहर में साेमवार को करंट लगने से एक महिला और उसकी पुत्री की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे सरोज (34) ने घर में पानी गर्म करने के लिए बाल्टी में इलेक्ट्रिक रॉड लगा रखी थीं। पास ही उनकी तीन वर्षीय बेटी दिव्यांशी खेल रही थी। खेलते-खेलते बच्ची ने अचानक बाल्टी में हाथ डाल दिया, जिससे उसे तुरंत करंट लग गया। बच्ची की चीख सुनकर मां सरोज दौड़कर आईं और उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान सरोज खुद भी करंट की चपेट में आ गईं।

पुलिस ने बताया कि सरोज के चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी भागकर आए। तब तक दोनों बेहोश हो चुकी थीं। पड़ोसियों ने इलेक्ट्रिक रॉड को हटाया और मां-बेटी को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने महिला के पति विजय कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिये गये।

नशा करने के आदी शख्स ने फांसी लगाई

श्रीगंगानगर के जवाहर नगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने रविवार शाम को अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि चक महाराजका में धर्मपाल उर्फ कालिया मेघवाल (40) नशे का आदी था। बारह वर्ष पहले उसकी पत्नी का देहांत हो चुका है। उसके 15 वर्षीय पुत्र भी है जो कल शाम घर से बाहर खेलने गया था। इसी दौरान उसका दोस्त जब उसके घर आया तो उसे धर्मपाल रस्सी के फंदे से लटका मिला।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या का कारण नशाखोरी ही बताया जा रहा है। धर्मपाल के एक भाई ने भी कुछ अरसा पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी, जबकि उसके एक और भाई की बीमारी से मौत हो गई थी। वे तीन ही भाई थे। पुलिस ने आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सोंप दिया।