दौसा। राजस्थान के दौसा में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बुधवार को राजस्थान रोडवेज दौसा डिपो के मुख्य प्रबंधक विश्राम मीणा को 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
एसीबी सूत्रों ने बताया कि आरोपी मैनेजर ने एक बस कंडक्टर के 42 हजार रुपये के मेडिकल बिल पास करने की एवज में यह रिश्वत मांगी थी। पीड़ित कंडक्टर रेवड़मल ने एसीबी की हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने अपनी बीमारी के दौरान लिए गए अवकाश के बिल कार्यालय में जमा कराए थे, जिन्हें पास करने के बदले में मैनेजर उसे लगातार परेशान कर रहा था।
एसीबी अलवर के पुलिस उपाधीक्षक शब्बीर खान के नेतृत्व में टीम ने शिकायत का सत्यापन किया और जाल बिछाकर आरोपी विश्राम मीणा को रिश्वत की राशि लेते हुए धर दबोचा। फिलहाल एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है।



