श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में निवासी एक फोटोग्राफर नकली नोट बनाने और चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, अब उसी के घर में गिरफ्तारी के कुछ ही घंटों बाद चोरी की घटना हो गई। चोरी की इस वारदात को पुलिस ने संदिग्ध बताया है, मगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच भी शुरू कर दी।
जांच में कई सवाल उठ रहे हैं, रामसिंहपुर थाना पुलिस ने सात अप्रेल की देर शाम चक 48 जीबी रेडबग्गी निवासी सुखविंदर सिंह रायसिख को नकली नोट बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया था। पकड़े जाने के समय उसके कब्जे से 500 रुपए के छह नकली नोट बरामद हुए थे। ये नोट दो अलग-अलग नंबर सीरीज के थे।
गिरफ्तारी के बाद सुखविंदर सिंह की पत्नी बच्चों को लेकर पीहर चक 27-ए, अनूपगढ़ चली गई। अगले दिन सुबह जब वह घर लौटी तो पता चला कि रात में अज्ञात चोरों ने घर में सेंध लगाकर चोरी कर ली है। चोरों ने फोटो स्टूडियो का एक कैमरा, अन्य सामान और गहने चोरी कर लिए हैं।



