झुंझुनूं : एसीबी टीम को देख चिड़ावा थाने की जीप लेकर भागा कॉन्स्टेबल

0

झुंझुनूं। राजस्थान के झुंझुनूं जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की कार्रवाई के दौरान शुक्रवार को चिड़ावा थाने का एक कॉन्स्टेबल थाने की सरकारी गाड़ी लेकर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार चिड़ावा थाने के ड्राइवर कॉन्स्टेबल अनिल कुमार ने किसी मामले में रिश्वत मांगी थी। परिवादी ने एसीबी से इसकी शिकायत कर दी। सत्यापन के बाद जयपुर से एसीबी की टीम पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) सुरेंद्र पंचौली के नेतृत्व में कार्रवाई के लिए चिड़ावा पहुंची।

कॉन्स्टेबल अनिल कुमार ने परिवादी को पैसे देने के लिए थाने के पास बुलाया। कॉन्स्टेबल दोपहर एक बजकर 20 मिनट पर थाने के पास पैसे लेने पहुंचा। एक बजकर 25 मिनट पर जब एसीबी ने उसे घेरने की कोशिश की तो उसे कार्रवाई की भनक लग गई।

एसीबी की टीम को देखते ही अनिल कुमार थाने की जीप लेकर चिड़ावा बाईपास की तरफ भागा। कॉन्स्टेबल के भागते ही एसीबी टीम का एक कर्मचारी लक्ष्मी नारायण जीप के ड्राइवर साइड की ओर चढ़ गया। थाने से 250 मीटर दूर लक्ष्मी नारायण सड़क पर खड़ी एक कार से टकराकर नीचे गया। लक्ष्मी नारायण के पैर, सीने और चेहरे पर चोट लग गई। वहीं कार के पीछे का कांच भी टूट गया।

घायल एसीबी टीम के कर्मचारी लक्ष्मी नारायण को एंबुलेंस की मदद से चिड़ावा के उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से गंभीर हालत में झुंझुनूं रेफर कर दिया। चिड़ावा थाना अधिकारी कैलाश चंद्र ने कहा कि जयपुर से एसीबी की टीम आई है। कार्रवाई क्या चल रही है इसकी जानकारी अभी नहीं दे सकते हैं। एसीबी की टीम के अधिकारियों ने उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी है। फरार कॉन्स्टेबल की तलाश में पुलिस टीम जुटी है।

एसीबी डीएसपी सुरेंद्र पंचोली ने बताया कि लकड़ियों का अवैध परिवहन करने वाली गाड़ी के ड्राइवर से चिड़ावा थाने का कॉन्स्टेबल अनिल कुमार बार-बार रिश्वत की मांग रहा था। सत्यापन के बाद आज टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी।

शिकायत करने वाले ने अनिल कुमार को पैसे दे दिए। लेकिन जैसे ही एसीबी की टीम को देखा तो अनिल कुमार ने गाड़ी लेकर फरार हो गया। टीम ने गाड़ी को बरामद कर लिया है। अनिल कुमार की तलाश की जा रही है।