चार-धाम यात्रा के मद्देनजर राजस्थान पुलिस ने जारी की साइबर सुरक्षा चेतावनी

0

जयपुर। चार-धाम यात्रा के अगले सत्र के मद्देनजर राजस्थान पुलिस की साइबर अपराध शाखा विशेष सतर्कता बरत रही है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (साइबर अपराध) वीके सिंह ने सोमवार को बताया कि राज्य के आमजन और श्रद्धालुओं के लिए एक विस्तृत साइबर सुरक्षा सलाह जारी की गयी है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को उन साइबर अपराधियों से बचाना है जो चार-धाम यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को निशाना बनाकर हेलीकॉप्टर टिकट, होटल बुकिंग और वीआईपी दर्शन के नाम पर धोखाधड़ी कर रहे हैं।

पुलिस उप महानिरीक्षक (साइबर अपराध) शांतनु कुमार सिंह ने श्रद्धालुओं को सतर्क किया है कि वे हेलीकॉप्टर टिकट या होटल की बुकिंग केवल आधिकारिक सरकारी वेबसाइट या प्रतिष्ठित ट्रैवल एजेंट के माध्यम से ही करें। अक्सर अपराधी सोशल मीडिया (फेसबुक, इंस्टाग्राम) पर सस्ते पैकेज या तुरंत दर्शन के लुभावने विज्ञापन डालकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं।

उन्होंने बताया कि यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट या धर्मशालाओं के मुफ्त पब्लिक वाई-फाई का उपयोग करके बैंकिंग ट्रांजैक्शन न करें, क्योंकि इसके जरिए डेटा चोरी होने की आशंका रहती है। साथ ही पैसे प्राप्त करने के लिए किसी भी क्यूआर कोड को स्कैन न करने को भी कहा गया है। सिंह ने कहा कि एटीएम का उपयोग करते समय भी सावधानी बरतें और हमेशा भीड़ भाड़ वाली जगह या बैंक के अंदर स्थित एटीएम को ही प्राथमिकता दें।