अलवर में बस-ट्रक की टक्कर से 3 लोगों की मौत, 30 घायल

2

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक बस के ट्रक से टकराने से बस में सवार एक बालक और एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 30 लोग घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इंदौर से सवारी लेकर एक निजी बस दिल्ली जा रही थी कि पिनान के दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस वे पर चैनल नंबर 100 इंटरचेंज पुलिया पर सुबह करीब साढ़े छह बजे आगे जा रहे एक ट्रक से टकरा गई। ट्रक में रसायन से भरे ड्रम लदे थे। इस टक्कर से बस चालक, एक बालक और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि करीब 30 यात्री घायल हो गए।

सूत्रों ने बताया कि घायलों को पिनान के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद 10 घायलों को अलवर भेज दिया। घायलों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद पुलिस दो घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची। घटना की जांच की जा रही है।