बारां में ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से दो बच्चों की मौत

0

बारां। राजस्थान में बारां जिले में अवैध खनन करके सामग्री ले जा रहे एक ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से दो बच्चों की मौत हो गई।

सूत्रों ने बताया कि बरडिया बस्ती बालाजी धाम के पास स्कूल से अपनी मां के साथ घर लौटते समय पांच वर्षीय योगिता यादव और सात वर्षीय गतिक यादव स्कूटी फिसलने से वहां से निकल रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गए। इससे दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में गहरा रोष व्याप्त हो गया। सर्व समाज तथा यादव समाज के लोगों ने एकजुट होकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। लोगों ने न्याय की मांग को लेकर शाहबाद रोड स्थित आनंद सीमेंट उद्योग के पास पुलिया (मंडोला वार्ड) पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने, दोषी चालक एवं खनन माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन जारी है, जिससे आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती है। बावजूद इसके अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से ऐसे हादसे हो रहे हैं। फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है और लोगों को शांत कराने के प्रयास जारी हैं।

बारां में डोडा चूरा ले जाते आरोपी अरेस्ट

बारां जिले के कवाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा-विनाश अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए तीन किलो 900 ग्राम डोडा चूरा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदाशु ने गुरुवार को बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि पप्पू धीमर के मकान की सीढ़ियों पर एक व्यक्ति बैग लेकर बैठा है, जिसके पास अवैध मादक पदार्थ हो सकते हैं। इस पर पुलिस दल मौके पर पहुंचा तो एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर तेजी से भागने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ा गया।

उन्होंने बताया कि उसके बैग की तलाशी ली गई तो उसमें तीन किलो 900 ग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान ओमप्रकाश मीणा (43) के रूप में हुई है।