बारां में एक व्यक्ति की चाकू से गोदकर की हत्या

1

बारां। राजस्थान में बारां के कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बदमाशों ने एक व्यक्ति की चाकू से गोदकर हत्या कर दी।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि लालबाई चौक के पास घात लगाए बैठे हमलावरों ने मनीष शर्मा पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए और मौके से फरार हो गए जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मनीष को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग अस्पताल के बाहर एकत्रित हो गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर उन्होंने चक्काजाम कर दिया। परिजनों का आरोप है कि युवक की हत्या पूर्व रंजिश के चलते की गई है और इसमें कुछ नामजद लोग शामिल हैं।

मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया गया।

पुलिस ने मृतक के परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।