जयपुर। अयोध्या में प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर के निर्माण के पश्चात अब देश में आदर्श रामराज्य की व्यवस्था स्थापित करने के संकल्प के साथ रामराज्य निर्माण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया।
जयपुर के प्राचीन और सिद्ध श्री काले हनुमान जी मंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से रामराज्य की स्थापना हेतु मनौती मांगी। यह अभियान सनातन संस्था के संस्थापक राष्ट्रगुरु सच्चिदानंद परब्रह्म डॉ. जयंत बालाजी आठवले के 84वें जन्मोत्सव के पावन अवसर पर शुरू किया गया है, जिनका जीवन निस्वार्थ भाव से धर्म सेवा के लिए समर्पित है।
इस अवसर पर उपस्थित भक्तों और समिति के कार्यकर्ताओं ने प्रभु हनुमान के समक्ष यह प्रतिज्ञा ली कि वे समाज में न्यायव्यवस्था और शिक्षा व्यवस्था को रामराज्य के आदर्शों के अनुरूप ढालने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।
संकल्प के दौरान यह दृढ़ निश्चय किया गया कि जहाँ कहीं भी हिन्दू मंदिरों, गौमाता या पवित्र वैदिक ग्रंथों का अनादर होगा, उसे रोकने के लिए सक्रिय कदम उठाए जाएंगे। साथ ही, समाज में धर्म शिक्षा के प्रसार हेतु हिन्दू त्योहारों के वास्तविक शास्त्र को समझकर उन्हें सपरिवार शास्त्रोक्त पद्धति से मनाने का संकल्प भी दोहराया गया।
अंत में, श्री काले हनुमान जी के चरणों में प्रार्थना की गई कि राष्ट्रगुरु के मार्गदर्शन में देश में पुनः धर्म पर आधारित आदर्श शासन व्यवस्था यानी रामराज्य साकार हो। इस समय शुभ्रा भार्गव, अंशू हर्ष, अंजू पुरोहित, आनंद जाखोटिया, मुकेश शर्मा के साथ अन्य श्रद्धालु उपस्थित थे।



