अलवर। दिल्ली की अमर कॉलोनी में रहने वाले भारतीय राजस्व सेवा अधिकारी की बेटी की मोबाइल के केबल से गला घोंटकर हत्या के आरोपी की पहचान हो चुकी है।
सूत्रों ने बुधवार को बताया कि आरोपी अलवर के राजगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों हिरासत में लिया है। आरोपी ने हत्या से कुछ घंटे पहले राजगढ़ में अपने गांव के पड़ोस में रहने वाली एक महिला से दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। उसके बाद वह भाग कर दिल्ली चला गया।
इस मामले में पीड़िता ने पुलिस को मामले की लिखित शिकायत दी। जिसके आधार पर राजगढ़ पुलिस ने दुष्कर्म की धाराओं में एफआईआर दर्ज करते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी है। दिल्ली में यह घटना आज सुबह छह बजे के करीब हुई है। युवती यूपीएससी की तैयारी कर रही थी और आरोपी ने उनके घर में आठ महीने तक नौकर के रूप में काम किया था।
दिल्ली पुलिस के चार दल आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए अलवर पहुंच चुके हैं। दिल्ली पुलिस और अलवर पुलिस के नौ दल आरोपी की तलाश कर रहे हैं। इस मामले में आरोपी के पिता, दोस्तों एवं कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। जिनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।
दक्षिणी दिल्ली के अमर कॉलोनी में आज सुबह 22 वर्षीय युवती का शव उसके घर में मिला था। वह एक वरिष्ठ आयकर अधिकारी की बेटी थी और घटना के समय उसके माता-पिता जिम गए थे। इस दौरान पीछे से घर में काम करने वाले युवक ने उसकी मोबाइल केबल से गला दबाकर हत्या कर दी। इस दौरान मृतका से दुष्कर्म का मामला भी सामने आ रहा है। इस मामले में आरोपी की पहचान अलवर के राजगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव के निवासी के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि दिल्ली पुलिस से आज सूचना प्राप्त हुई कि दिल्ली में एक युवती के साथ संगीन वारदात हुई है जिसमें दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कि गई है। वह आरोपी अलवर जिले के राजगढ़ इलाके का रहने वाला है। इस के बाद दिल्ली से दिल्ली पुलिस का दल आया है। वह लगातार वह अलवर पुलिस के संपर्क में है उनका पूरा सहयोग किया जा रहा है।



