भरतपुर में कार के बिजली के खंभों से टकराने से दो लोग घायल

0

भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर के सेवर थाना क्षेत्र में मलाह पुल के पास बुधवार दोपहर एक कार के अनियंत्रित होकर बिजली के खंभों से टकराने से कार में सवार दो व्यक्ति गम्भीर रूप से घायल हो गए।

जिन्हें थाना पुलिस ने 108 एम्बुलेंस के जरिए आरबीएम अस्पताल भरतपुर के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया है। घटना की सूचना के बाद पुलिस जाप्ता के साथ मौके पर पहुंचे थानाधिकारी सतीश भारद्वाज ने बताया कि दुर्घटना के दौरान बिजली के खम्बों के क्षतिग्रस्त हो जाने से एहतियात के तौर पर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद करवा दी गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई कार में सवार घायलों की पहचान कन्हैया और जंगी के रूप में हुई है। दोनों को भरतपुर के आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया है। सूत्रों ने बताया कि तेज रफ्तार के कारण गाड़ी अचानक असंतुलित हो गई और मलाह पुल के डिवाइडर को पार करते हुए नीचे लगे बिजली के खंभों में जा घुसी।

पुलिस ने महिला को आत्महत्या करने से बचाया

भरतपुर जिले के बयाना के कोतवाली थाना क्षेत्र में पारिवारिक कलह के चलते फंदे से लटकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने जा रही एक विवाहिता को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करके बचा लिया। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि एक वृद्ध महिला ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी बहू ने कमरे की कुंडी अंदर से बंद कर ली है और वह कोई अनहोनी कर सकती है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस का एक दल बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचा और सूझबूझ से दरवाजा खुलवाकर फंदा तैयार करके लटकने की ओर अग्रसर 25 वर्षीय महिला को सुरक्षित बचा लिया। पुलिस की इस मानवीय पहल से महिला का जीवन बचाकर परिवार को बड़े संकट से बचा लिया। सात वर्ष पहले शादी के बंधन में बंधे इस दंपती को थाने लाकर बातचीत भी की गई ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने।