बाघसूरी में नई पंचायत टीम ने संभाली कमान, सफाई व्यवस्था को दी पहली प्राथमिकता

15

सरपंच जमना देवी पाराशर ने बनाई 100 दिन की कार्ययोजना
बाघसूरी। नसीराबाद क्षेत्र की ग्राम पंचायत बाघसूरी में बुधवार को नई पंचायत टीम ने कार्यभार संभाल लिया। नवनिर्वाचित सरपंच जमना देवी पाराशर और उपसरपंच टोनू गुर्जर ने वार्ड पंचों के साथ पंचायत समिति कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण से पहले पंडित जगदीश प्रसाद शर्मा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद निवर्तमान सरपंच रेशमी देवी काठात ने नवनिर्वाचित सरपंच और उपसरपंच का शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया तथा उन्हें कार्यभार सौंपा।

पदभार संभालने के साथ ही सरपंच जमना देवी पाराशर ने पंचायत क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने के संकेत दिए। उन्होंने पहले ही दिन सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए जेसीबी से सड़क किनारे और विभिन्न स्थानों पर उगी झाड़ियों को हटवाने का काम शुरू कराया। राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक जाने वाले मार्ग की भी सफाई कराई गई, ताकि मरीजों और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी नहीं हो।

इससे पहले सरपंच पाराशर ने चारभुजा नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और समर्थकों के साथ जुलूस के रूप में ग्राम पंचायत मुख्यालय पहुंचीं। यहां ग्राम विकास अधिकारी रामवीर मीणा सहित ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया।

सरपंच ने कहा कि बिजली और पेयजल की समस्या का समाधान, मुख्य बाजार की क्षतिग्रस्त सीसी सड़क की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, मुक्तिधाम का जीर्णोद्धार, अतिक्रमण पर नियंत्रण तथा स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बाघसूरी के राजकीय पीएचसी को सीएचसी में क्रमोन्नत कराने के प्रयास करने की बात भी कही।

पाराशर ने बताया कि पंचायत के लिए 100 दिन की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसमें बाघसूरी कस्बे के साथ नाहरपुरा, बुधपुरा, लामडीनाड़ी, गोपालपुरा, लक्ष्मीपुरा और इंद्रा कॉलोनी की तात्कालिक समस्याओं को चिह्नित कर प्राथमिकता से समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जाएगा और पंचायत के सभी क्षेत्रों में जरूरत के आधार पर काम कराया जाएगा।

कार्यक्रम में उपसरपंच टोनू गुर्जर, वार्ड पंच शांतिलाल राजोरा, कैलाश चंद शर्मा, हेमंत कुमार सेन, कालूराम रायका, संगीता, पूजा, रमेश, हरदेव, रजिया और काली देवी सहित पंचायत के निर्वाचित प्रतिनिधि मौजूद रहे। पूर्व पंचायत समिति प्रधान कमलेश कंवर पोखरणा, पूर्व सरपंच गोपाल सिंह भाटी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

सरपंच ने पदभार ग्रहण कार्यक्रम में सहयोग देने वाले ग्रामीणों और समर्थकों का आभार जताया। इस दौरान गुमानमल पोखरणा, कालूराम पाराशर, शंभूलाल पाराशर, सुरेश चौधरी, अर्जुन सिंह धाबाई, रामरतन सेन, कल्याण मल सेन, सकराम गुर्जर, सोहन लाल खारोल, मुकेश, मोहन लाल रेगर, लक्ष्मण सिंह टांक, अमन पाराशर, सचिन राजोरा, ओमप्रकाश वैष्णव और जसराज गुर्जर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।