ओम माथुर ने पाली के तख्तगढ़ में सौ फीट ऊंचे तिरंगे का किया अनावरण

1

पाली। सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने गुरुवार को पाली जिले के सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के तख्तगढ़ गांव के नेहरू रोड चौराहे पर सौ फीट ऊंचे तिरंगे का अनावरण किया।

इस अवसर पर माथुर ने नगरपालिका के माध्यम से 351.83 लाख रुपए की लागत से बनने वाली पानी की टंकी सहित कई अन्य विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण रिमोट बटन दबाकर किया। इससे पहले संयुक्त रूप से तिरंगा ध्वज फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और एकता का संदेश दिया गया। इस दौरान क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था के लिए निर्माणाधीन नाले का निरीक्षण भी किया गया।

कार्यक्रम में माथुर एवं राज्य के पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी एवं पीएम स्ट्रीट वेंडर्स आत्म निर्भर निधि योजना के तहत कुल 10 लाभार्थियों को 50-50 हजार रुपए के चैक वितरित किए।

इस अवसर पर माथुर ने कहा कि तिरंगा हमारे राष्ट्र की आन, बान और शान का प्रतीक है। इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने तख्तगढ़ नगर पालिका के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया। साथ ही, उन्होंने सिक्किम राज्य की भौगोलिक एवं प्राकृतिक सुंदरता के बारे में भी बताया।

कुमावत ने कहा कि राजस्थान सरकार द्वारा प्रदेश के विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक और राष्ट्रीय मूल्यों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नगरपालिका तख्तगढ़ के विशाल 100 फीट का तिरंगा क्षेत्रवासियों में एकता और देशप्रेम की भावना को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि तख्तगढ़ ग्राम पंचायत के गांव खेड़ावास में टंकी के निर्माण से क्षेत्र में पानी की समस्या का निवारण हो पाएगा।