झुंझुनूं में कार पलटने से तीन दोस्तों की मौत

0

झुंझुनूं। राजस्थान में झुंझुनू जिले के धनूरी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक कार के पलटने से तीन दोस्तों की मौत हो गई और एक अन्य युवक घायल हो गया।

थानाधिकारी संजय गौतम ने बताया कि झुंझुनू के नील शुक्ला (33), गौरव सैनी (21), विजय ढंड और जितेंद्र वालिया सोनासर स्थित हीरा की ढाणी गए थे। वहां पर भजन संध्या थी। देर रात चारों झुंझुनू लौट रहे थे।

उन्होंने बताया कि झुंझुनू-मंड्रेला मार्ग पर देर रात एक बजे झुंझुनू शहर से पांच किलोमीटर दूर सड़क पर अचानक आए जानवर को बचाने के प्रयास में उनकी कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार ने तीन चार बार पलटी खाई और खेत में आ गई।

उन्होंने कहा कि इससे सुनील, गौरव और विजय की मौके पर ही मौत हो गई। इनके पीछे दो से तीन कारें और थीं। उनमें सवार लोग मौके पर रुके। शवों को अपनी गाड़ियों में डालकर झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल पहुंचे। वहीं कार चला रहा युवक जितेंद्र वालिया गंभीर घायल हो गया। उसे भी इलाज के लिए बीडीके अस्पताल लेकर आए। हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर के एसएमएस अस्पताल भेज दिया गया।