अरविंद केजरीवाल के ‘सत्याग्रह’ को कांग्रेस ने बताया ढोंग, कार्यालय से राष्ट्रपिता की तस्वीर हटाने का आरोप

0

नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने मंगलवार को कहा कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल महात्मा गांधी के नाम पर राजनीतिक ढोंग कर रहे हैं।

यादव ने आरोप लगाया कि दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद सरकारी कार्यालयों से महात्मा गांधी की तस्वीरें हटाई गईं, जबकि अब केजरीवाल सत्याग्रह और गांधीवादी मूल्यों की बात कर रहे हैं। दिल्ली आबकारी नीति मामले में न्यायिक प्रक्रिया से बचने के लिए केजरीवाल और अन्य आरोपी अदालत में पेश नहीं हो रहे और इसे सत्याग्रह का नाम दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा की पीठ से जुड़े मामले में याचिका खारिज होने के बाद भी शीर्ष न्यायालय में उचित अपील न करना और अदालत में अनुपस्थित रहना कानून के प्रति अनादर दर्शाता है। कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि सत्ता में आने से पहले स्वराज की बात करने वाली आप सरकार ने गांधीवादी सिद्धांतों को भुलाकर भ्रष्टाचार के मामलों को बढ़ावा दिया।

उन्होंने कहा कि राजघाट जाकर श्रद्धांजलि देने से कथित घोटालों के आरोप खत्म नहीं होंगे। उन्होंने अरविंद केजरीवाल से न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान करने और राजनीतिक नाटक बंद करने की अपील की।

गौरतलब है कि केजरीवाल आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि स्थल पहुंचे और कहा कि वह न्यायपालिका का सम्मान करते हैं, लेकिन ऐसी स्थिति पैदा हुई की सत्याग्रह करना पड़ रहा है। उनके साथ मनीष सिसोदिया और अन्य नेता भी राजघाट पहुंचे।