पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढने संबंधी आदेश फर्जी : सरकार

59

नई दिल्ली। सरकार ने कहा है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढोतरी से संबंधित सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा आदेश फर्जी है और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने इस तरह का कोई आदेश जारी नहीं किया है।

सोशल मीडिया पर वायरल पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के इस कथित आदेश में दावा किया जा रहा है कि पेट्रोल की कीमत में दस रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत में साढे बारह रुपए प्रति लीटर की बढोतरी की गई है।

कथित आदेश में कहा गया है कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में अप्रत्याशित बढोतरी के कारण सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने इस बढोतरी का निर्णय लिया है।

सूचना और प्रसारण मंत्रालय के पत्र सूचना कार्यालय पीआईबी की फैक्ट चैक टीम ने बुधवार को इस कथित आदेश की जांच के बाद कहा है कि यह फर्जी है और सरकार ने पेट्रोल तथा डीजल की कीमतों में बढोतरी का कोई आदेश जारी नहीं किया है।

उल्लेखनीय है कि सरकार की ओर से मंगलवार को भी कहा गया था कि पेट्रोल और डीजल कीमत बढाए जाने के किसी प्रस्ताव पर विचार नहीं किया जा रहा है।