हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ के पुलिस लाइन में बुधवार को बहुत ही सुखद और मानवीय दृश्य देखने को मिला जब अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एजीटीएफ/एएनटीएफ/एटीएस) पुलिस दिनेश एमएन ने एक महिला पुलिस कार्मिक के परिजनों का उनके घर पर चाय पीने का आग्रह को सहर्ष स्वीकार किया।
पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि पुलिस लाइन में एक क्वार्टर में निवास कर रहे धीरसिंह चालक कांस्टेबल की पत्नी ने दिनेश एमएन को अपने घर पर चाय पीने का भावपूर्ण आमंत्रण दिया। उनके आग्रह को उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया। इसके बाद दिनेश एमएन उनके घर पहुंचे और चाय की चुस्कियों के बीच उन्होंने अभिभावक की तरह उनके बच्चों के बारे में जानकारी ली।
जब उन्हें पता चला कि उनका एक बेटा विदेश में है और दूसरा बेटा एक निजी कंपनी में कार्यरत है, तो उन्होंने वहां उपस्थित उनके बेटे से काफी देर तक बातचीत की।
चाय की चुस्कियों के साथ एक उच्चाधिकारी और एक जवान के परिवार के बीच हुआ यह सहज संवाद न केवल सुखद था, बल्कि यह पुलिस विभाग के भीतर के आपसी विश्वास और अपनत्व को भी दर्शाता है। अनुशासन के साथ-साथ इस तरह का आत्मीय दृष्टिकोण पूरी पुलिस बल के लिए ऊर्जा और प्रेरणा देने वाला है।



