प्रतापगढ़ : नशे के कारोबार में फंसा पुलिसकर्मी विनोद सिंह बर्खास्त

0

प्रतापगढ़/जयपुर। राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में पदस्थापित एक पुलिसकर्मी को नशीले पदार्थ की तस्करी में लिप्त पाए जाने पर सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार विभाग ने इस मामले में प्रतापगढ़ जिले में पदस्थापित कांस्टेबल विनोद सिंह को गुरुवार को सेवा से बर्खास्त कर दिया। विभाग ने यह कार्रवाई कर स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून तोड़ने वाले चाहे विभाग के भीतर हों या बाहर उनके विरुद्ध इसी प्रकार की कठोरतम वैधानिक और प्रशासनिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

सिरोही जिले में पिण्डवाड़ा थाने में दर्ज प्रकरण में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 244 ग्राम अवैध स्मैक के परिवहन के आरोप में प्रतापगढ़ जिले में पदस्थापित कांस्टेबल विनोद सिंह को गत 24 अप्रैल को गिरफ्तार किया था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

प्रारंभिक जांच और विभागीय परीक्षण में यह सामने आया कि कांस्टेबल विनोद सिंह जो स्वयं कानून और नियमों की जानकारी रखता था, मादक पदार्थ तस्करी जैसे गंभीर अपराध में संलिप्त पाया गया। विभाग ने इसे सेवा आचरण नियमों का गंभीर उल्लंघन और नैतिक अधमता का कृत्य माना।

मामले की गंभीरता के मद्देनजर राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम 19(2) के तहत 30 अप्रैल को कांस्टेबल विनोद सिंह को राज्य सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।