डीग। राजस्थान में डीग जिले के पहाड़ी थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते लड़की के परिजनों द्वारा लड़के के पिता की गर्दन काटकर हत्या कर देने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि मृतक की पहचान कोटी चढीयार निवासी मोहम्मद अब्दुल्ला के रूप में हुई है जिसका शव शनिवार को गांव के नजदीक सडक पर पड़ा मिला।
मृतक का पुत्र हयात खान पहाड़ी क्षेत्र में रहने वाली एक लड़की को लेकर भाग गया। इसके बाद दोनों परिवारों में विवाद हो गया था। बाद में उनमें राजीनामा भी हो गया। राजीनामा के लिए अपने रिश्तेदारों के साथ लड़के का पिता मोहम्मद अब्दुल्ला शुक्रवार को लड़की पक्ष के गांव आया था। रात में लड़की पक्ष के नामजद लोगों ने उसका अपहरण कर लिया और उसकी हत्या करके शव फेंक दिया।
पुलिस ने मामले की जांच करने के साथ ही लड़के और लड़की की तलाश भी की जा रही है। फरार आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।



