मुंबई। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की नेता रूपाली चाकणकर की बहन प्रतिभा चाकणकर को अशोक खरात मामले में अगले सप्ताह पूछताछ के लिए पेश होने का निर्देश देते हुए समन जारी किया है।
खबरों के अनुसार ईडी की जांच कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ी है, जिसमें समता पट्संस्था और स्वघोषित धर्मगुरु अशोक खरात से जुड़े लेन-देन शामिल है। अशोख खरात को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया है।
अधिकारियों द्वारा मामले से जुड़े वित्तीय लेन-देन, संचार रिकॉर्ड और संभावित मौद्रिक संबंधों की जांच की जा रही है।
सूत्रों का दावा है कि जांच के दौरान जांचकर्ताओं को प्रतिभा चाकणकर और अशोक खरात के बीच लगातार बातचीत का पता चला, जिसके बाद ईडी ने अपने मुंबई कार्यालय में पूछताछ के लिए औपचारिक समन जारी करने का फैसला किया।
इस मामले ने महाराष्ट्र में पहले ही बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। इससे पहले, अशोक खरात से कथित संबंधों को लेकर बढ़ती आलोचनाओं के बीच रूपाली चाकणकर ने पार्टी की प्रमुख जिम्मेदारियों से इस्तीफा दे दिया था।
आगामी दिनों में ईडी द्वारा इस मामले से जुड़े वित्तीय लेनदेन और नेटवर्क की व्यापक जांच जारी रखने की उम्मीद है।



